मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। शहर के नागौरी गेट सर्कि ल के पास में एक भवन में आई बावड़ी में मंगलवार की रात को युवक के गिरने के बाद उसका शव आज सुबह गोताखोरों की मदद से बाहर निकाल लिया गया। बावड़ी काफी गहरी होने पर बुधवार को नगर निगम ने मडपंप लगाकर पानी को बाहर निकाला था। शाम तक पानी निकाला गया। मगर फिर अंधेरा होने पर काम को रोकना पड़ा। आज सुबह पानी कम होने पर सर्च किया गया तो युवक का शव नजर आने पर उसे बाहर निकाल कर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। नागौरी गेट पुलिस की तरफ से अग्रिम तफ्तीश जारी है।
एसडीआरएफ एफ कम्पनी मुख्यालय जोधपुर में तैनात रेस्क्यू टीम प्रभारी हैड कांस्टेबल ओमसिंह को घटनास्थल के लिए रवाना होने के निर्देश दिए गए। रेस्क्यू टीम प्रभारी 11 जवानों की टीम तथा आपदा राहत उपकररणों के साथ
प्रात: 5:20 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई। प्रात: 5:50 बजे घटनास्थल पर पहुँचकर टीम कमाण्डर ने स्थिति का जायजा लिया तथा एसडीआरएफ कमाण्डेन्ट को बताया कि पुलिस थाना नागौरी गेट आयुक्तालय जोधपुर के अन्तर्गत 11 जून को सांय पैर फिसलने से एक युवक पुरानी बावडी में डूब गया। उक्त युवक के शव की तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन एवं सिविल डिफेंस की टीम द्वारा प्रयास किए गए। बावडी की गहराई करीब 100 फीट थी और 80 फीट पानी से भरी हुई थी। एसडीआरएफ राजस्थान कमाण्डेन्ट ने टीम कमाण्डर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए एवं करणी सिंह कम्पनी कमाण्डर को ऑपरेशन के निकटतम सुपरविजन के लिए नियुक्त किया। रेस्क्यू टीम के जवानों हीरालाल, अर्जुनराम, सुशील कुमार, नेतराम, सुशील, महेन्द्र कुमार, हंसराज, संजय मेहरा, जितेन्द्र सिंह तथा हरदेवाराम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
टीम ने आज सुबह सर्च ऑपरेशन पुन: शुरू किया। बाद में रेस्क्यू टीम ने बावडी में डूबे 18 साल के लखपत मेघवाल पुत्र भंवराराम मेघवाल निवासी ग्राम मेघवालों की ढाणी गंगावास कोरना जिला बालोतरा के शव को बरामद कर स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द किया।
अपहरण का कराया मुकदमा दर्ज :
मृतक लखपत के चचेरे भाई मेघवालों की ढाणी मंडली बालोतरा निवासी यशपाल पुत्र थानाराम मेघवाल की तरफ से उसके लापता होने पर अपहरण का मामला दर्ज करवाया गया था। पुलिस फिलहाल इस बारे में मर्ग की कार्रवाई में जुटी है। शव को एमजीएच की मोर्चरी में रखवाया गया है।



