Home » जोधपुर » एक लाख से अधिक वोटो से गजेन्द्रसिंह शेखावत ने जीत दर्ज की

एक लाख से अधिक वोटो से गजेन्द्रसिंह शेखावत ने जीत दर्ज की

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
607 Views

भाजपा कार्यालय में उमड़े कार्यकर्ता, बधाइयां देने वालों का लगा तांता

मधुहीर राजस्थान।

जोधपुर। जोधपुर लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी करणसिंह उचियारड़ा को एक लाख से ज्यादा वोटों से मात दी है। भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्रसिंह शेखावत और कांग्रेस प्रत्याशी करणसिंह उचियारड़ा में कांटे की टक्कर दिखाई दी। मतगणना के दौरान फलोदी, पोकरण, लोहावट और लूणी के साथ जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्रों में दोनों ही प्रत्याशियों की लीड लगातार ऊपर नीचे होती रही। शुरुआती मतगणना के राउंड में कांग्रेस लगातार रेस में बनी रही लेकिन बाद में भाजपा के पास लीड आ गई जो लगातार बढ़ती रही। यहां मतदाताओं ने एक बार फिर भाजपा पर ही विश्वास जताया है। यहां एक बार फिर जीत का सेहरा भाजपा प्रत्याशी गजेंद्रसिंह के सिर पर सजाया गया है। शेखावत यहां से लगातार तीसरी बार जीते है।
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के जोधपुर में मजबूत बढ़त हासिल करते ही उनके प्रधान चुनाव कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ता उमडऩा शुरू हो गए। बड़ी संख्या में एकत्र जोश से लबरेज कार्यकर्ताआें ने मोदी-मोदी के नारे लगाते हुए जश्न मनाया। हालांकि इससे पहले सुबह इस कार्यालय में चुनिंदा लोग ही एकत्र थे। वे यहां एक बड़ी टीवी स्क्रीन के सामने बैठ चुनाव रुझान देख रहे थे। शुरुआत में एक बार कांग्रेस प्रत्याशी करणसिंह उचियारड़ा के बढ़त लेने से इनके चेहरे पर निराशा छा गई, लेकिन शेखावत ने इसके बाद एक बार बढ़त हासिल की तो फिर पीछे मुडक़र नहीं देखा। उनकी बढ़त लगातार बढ़ती रही और घरों में बैठे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बाहर निकल पड़े। थोड़ी देर में इस कार्यालय का नजारा बदल गया। बड़ी संख्या में एकत्र कार्यकर्ता जमकर खुशियां मनाने लगे। एक-दूसरे को बधाई देने के साथ ही वे जमकर नारेबाजी कर रहे थे। कई युवकों ने जमकर डांस किया।
जीत की तस्वीर साफ होते ही गजेंद्रसिंह शेखावत के खेमे में उत्सव का माहौल देखा गया। यहां उन्हें जीत की बधाई देने वालों का तांता लग गया। महिला कार्यकर्ताआें ने भी उत्साहपूर्वक खुशियां मनाई। जीत की बधाई देने के लिए कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान गजेंद्रसिंह शेखावत को समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठाकर का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। युवाओं ने सेल्फी खींच कर जीत की बधाइयां देनी शुरू कर दी। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों ने जीत की खुशी में पटाखे फोड़े। इसके साथ ही एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दी। लोगों ने ढोल नगाड़ो की गूंज पर मोदी-मोदी के नारे लगाए। कई उत्साही भाजपा समर्थक अपने वाहनों पर शहर की सडक़ों पर नारेबाजी करते नजर आए।
सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त
लोकसभा चुनाव की मतगणना के लिए मतगणना स्थल व उसके बाहर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां पुलिस आयुक्तालय द्वारा सुरक्षा के विशेष प्रबन्ध किए गए थे। पुलिस आयुक्त राजेंद्र सिंह के आदेशानुसार यहां सभी डीसीपी व अन्य अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के अंदर व बाहर साढ़े आठ सौ से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों को तैनात किया गयौ। कॉलेज के अंदर ही नहीं बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई। कमिश्नरेट के दोनों जिलों के थानों से ही नहीं बल्कि अधिकारियों के कार्यालय व पुलिस लाइन से जाब्ता लगाया गया। इसके साथ ही यहां यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने के लिए कुछ परिवर्तन किया गया था। महानगर में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां सोमवार रात से ही धारा 144 की निषेधाज्ञा लागू कर दी गई थी।
सबसे पहले हुई पोस्टल बैलेट की गिनती
मतगणना में सबसे पहले 12700 पोस्टल बैलेट की गिनती हुई। पहले सभी बैलेट को स्कैन किया गया। इससे वैध और अमान्य बैलेट को छांटा गया। पोस्टल बैलेट की काउंटिंग दो रूम में हुई। एक में 22 व दूसरे में 6 टेबल लगाई थी।
भाजपा की नहीं कार्यकर्ताओं की जीत: शेखावत
जोधपुर संसदीय सीट से लगातार तीसरी बार जीते गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि यह जीत राजस्थान के विकास को नई राह देगी। जोधपुर सहित राजस्थान के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी व संकल्पों पर भरोसा कर एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाया है। यह जीत भाजपा की नहीं कार्यकर्ताओं की जीत है। जीत पूरे देश को विकसित बनाने में आगे ले जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की, सनातन की, विकास की, धर्म की, सत्य की जीत है। एक लाख से अधिक जीतों का अंतर कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने अपनी जीत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Poll

क्या आप \"madhuheerrajasthan\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

weather

NEW YORK WEATHER