जैसलमेर। जैसलमेर / भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के एक जवान ने रविवार को सुसाइड कर लिया। जवान ने एक पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। बीएसएफ के अधिकारी और तनोट थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच में जुटे।
दरअसल भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर बबलीयानवाला पोस्ट पर तैनात बीएसएफ के जवान मुकंदा डेका (57) ने आत्महत्या कर ली। बबलीयानवाला पोस्ट जैसलमेर से करीब 140 किलोमीटर दूर है। दोरांग, आसाम निवासी मुकंदा डेका बीएसएफ में कॉन्स्टेबल थे। उनके आत्महत्या की जानकारी मिलने पर जवानों ने BSF के अधिकारियों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
इसके बाद बीएसएफ के अधिकारियों ने तनोट थाना पुलिस को आत्महत्या की जानकारी दी। तनोट थाना पुलिस बबलियानवाला पोस्ट पहुंची और खुदकुशी के कारणों की जांच में जुटी। बताया जा रहा है कि बबलियानवाला सीमा चौकी स्थित परिसर में एक पेड़ से फंदा लगाकर रविवार को सुबह जवान ने खुदकुशी की है। कुछ जवान जब परिसर में सुबह करीब 8 बजे निकले, तब पेड़ से लटकते कॉन्स्टेबल को देखा तो होश उड़ गए। हालांकि अभी तक खुदकुशी के कारणों को लेकर सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने कुछ भी जानकारी नहीं दी। जांच के बाद ही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल तनोट थाना पुलिस मौके पर है और आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।



